बिहार की राजधानी पटना में दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत को अनोखे तरह से श्रद्धांजलि दी गई है। पटना के लोगों ने सुशांत सिंह राजपूत की याद में एक चौक का नामकरण किया है, पटना के राजीव चौक नगर इलाके में एक चौक का नाम सुशांत सिंह राजपूत दिया गया है, इस जगह पर एक बोर्ड भी लगा दिया गया है। राजीव नगर के इलाके में ही सुशांत सिंह राजपूत का आवास है। विचार करने वाली बात यह है कि यहां आधिकारिक तौर पर सुशांत सिंह राजपूत नाम का बोर्ड नगर निगम द्वारा नहीं लगाया गया है, बल्कि राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना ने लगाया है।
इस चौक का नामकरण करने के लिए राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष भी आए हुए थे। माना जा रहा है कि नगर निगम की तरफ से भी जल्द ही आधिकारिक रूप से घोषणा किया जा सकता है, क्योंकि सुशांत सिंह राजपूत इन गलियों में ही पले बढ़े हैं। अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के आत्महत्या के बाद से उनके पिता के के सिंह ने पहली बार मीडिया से बात की तथा सुशांत से जुड़ी तथ्यों को उजागर किया। सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या के बाद से कुछ बॉलीवुड के सितारे भी सामने आए हुए हैं तथा आत्महत्या का कारण नेपोटिज्म को बताया है। बॉलीवुड में तब से ही नेपोटिज्म पर बहस छिड़ गई है, कुछ लोगों ने इस घटना को लेकर बड़ी स्तर की जांच करने की मांग की है, तो कुछ ने सीबीआई जांच की मांग की है।
फिल्म अभिनेता नाना पाटेकर भी रविवार को सुशांत सिंह राजपूत के घर पहुंचे थे। पटना में उनके परिजनों से मिलकर उनके पिता के के सिंह को सांत्वना दी। नाना ने कहा कि सुशांत एक नेक दिल इंसान थे, उन्हें इंसाफ जरूर मिलेगा। सुशांत की मौत से पूरा देश दुखी है। इससे पहले भी भोजपुरी गायक और भाजपा सांसद मनोज तिवारी, खेसारी लाल यादव, अक्षरा सिंह भी सुशांत के घर पहुंचे थे। उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी और नेता विपक्ष तेजस्वी यादव ने भी परिजनों से मिल संतावना दी थी।