“”
आज दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उनकी पार्टी आगामी 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा का चुनाव लड़ेगी। उन्होंने एक प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि यूपी के तमाम राजनीतिक दल वहां की जनता के पीठ में छुरा घोंपने का काम करते हैं। आज यूपी में योगी का गुंडाराज चल रहा है। हमारी सरकार आयी तो हम इस गुंडाराज से मुक्ति दिलाएंगे।
उन्होंने यह भी जिक्र किया कि उत्तर प्रदेश के लोग बेहतर चिकित्सा के लिए दिल्ली का रुख करते हैं।हमारे मोहल्ला क्लीनिक एक उदाहरण और पूरे देश के लिए मॉडल बन कर उभरे हैं। हमारे सरकारी स्कूल बेहतर ढ़ंग से संचालित किए जा रहे हैं। हम लोगों को फ्री बिजली और पानी उपलब्ध करा रहे हैं। साथ ही उन्होंने यूपी के पूर्व के सरकारों पर भी सवाल खड़े किए।
उन्होंने कहा कि यूपी भ्रष्ट नेताओं की वजह से तरक्की नहीं कर पा रहा है। पूरे राज्य में करप्शन फैला हुआ है। हम उत्तर प्रदेश को एक ईमानदार सरकार देने का काम करेंगे।
गौरतलब हो कि इसके पहले आम आदमी पार्टी पंजाब और गोवा का चुनाव लड़ चुकी है। इसी साल दिल्ली विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी ने 70 में से 62 सीटें जीतकर सरकार बनाई। वहीं भाजपा को 8 सीटें मिली थीं।